किसान सुखवंत सिंह आत्महत्या मामला: पुलिस मुख्यालय सख्त, IG STF की अध्यक्षता में SIT गठित, 12 पुलिसकर्मी गढ़वाल रेंज स्थानांतरित, वीडियो-ईमेल शिकायतों की निष्पक्ष जांच के निर्देश

जनपद ऊधम सिंह नगर के ग्राम पैगा, थाना आईटीआई निवासी किसान स्वर्गीय सुखवंत सिंह की आत्महत्या के मामले में पुलिस मुख्यालय ने सख्त रुख अपनाया है। 10/11 जनवरी 2026 की रात काठगोदाम, हल्द्वानी में हुई इस घटना की निष्पक्ष जांच के लिए विशेष अन्वेषण दल यानी SIT का गठन किया गया है।

पुलिस महानिरीक्षक एसटीएफ श्री नीलेश आनन्द भरणे की अध्यक्षता में गठित पांच सदस्यीय SIT में पुलिस अधीक्षक चम्पावत अजय गणपति, क्षेत्राधिकारी टनकपुर वन्दना वर्मा, निरीक्षक दिवान सिंह बिष्ट और उपनिरीक्षक मनीष खत्री को शामिल किया गया है। SIT को प्रकरण से जुड़े सभी अभियोगों की गहन, निष्पक्ष और पारदर्शी विवेचना का दायित्व सौंपा गया है।

जांच की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए प्रकरण से जुड़े 12 पुलिस कर्मियों को तत्काल प्रभाव से गढ़वाल रेंज के जनपद चमोली और रुद्रप्रयाग स्थानांतरित कर दिया गया है। इनमें 3 उपनिरीक्षक, 1 सहायक उपनिरीक्षक, 1 मुख्य आरक्षी और 7 आरक्षी शामिल हैं।

पुलिस मुख्यालय ने SIT को यह भी निर्देश दिए हैं कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो और मृतक द्वारा ई-मेल के माध्यम से की गई शिकायत—जिसमें स्थानीय व्यक्तियों और ऊधम सिंह नगर पुलिस के अधिकारियों-कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं—उन सभी तथ्यों की विस्तृत जांच की जाए और नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

पुलिस मुख्यालय का साफ कहना है कि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही या पक्षपात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई तय है। मामले पर पुलिस की हर गतिविधि पर अब SIT की पैनी नजर रहेगी।