निजी बस खाई में गिरी, 14 की मौत, 52 गंभीर घायल रेफर; सीएम ने जताया शोक, राहत-बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी

Share the news

न्यूज स्क्रिप्ट

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के हरिपुरधार के पास शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे शिमला से कुपवी जा रही एक निजी बस (जीत कोच) अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण हादसे में अब तक 14 यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 52 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों की पहचान का कार्य जारी है।

जानकारी के अनुसार हरिपुरधार से लगभग 100 मीटर पहले चालक ने बस से अचानक नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद बस करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे के समय बस में कुल 66 यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस व प्रशासन को सूचना दी।

सूचना मिलते ही संगड़ाह, राजगढ़ और ददाहू से पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है। सिरमौर के पुलिस अधीक्षक एन.एस. नेगी ने बताया कि हादसे में कई लोगों की मौत हुई है और राहत कार्य लगातार जारी है।

हादसे की सूचना मिलने पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री मेडिकल कॉलेज नाहन पहुंचे और अस्पताल में भर्ती घायलों का हालचाल जाना। वहीं मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। सीएम ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता दी जाए और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *