रुद्रपुर। जनपद उधमसिंहनगर में औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में बढ़ती अग्नि दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने एक नई और महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत की है। इस पहल के तहत अब प्रत्येक मंगलवार को पुलिस लाइन रुद्रपुर में SIDCUL क्षेत्र की फैक्ट्रियों, होटल, रेस्टोरेंट, बैंक्वेट हॉल एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत कार्मिकों को नियमित फायर सेफ्टी प्रशिक्षण दिया जाएगा।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य कार्यस्थलों पर आगजनी की घटनाओं की रोकथाम, आपात स्थितियों में त्वरित एवं सुरक्षित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना तथा कर्मचारियों को व्यवहारिक रूप से अग्नि सुरक्षा में दक्ष बनाना है।
इसी क्रम में सोमवार को पुलिस लाइन रुद्रपुर स्थित परेड ग्राउंड में विशेष फायर सेफ्टी प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में SIDCUL क्षेत्र की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के साथ-साथ होटल, रेस्टोरेंट, बैंक्वेट हॉल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से आए कुल 74 कार्मिकों ने सहभागिता की।
प्रशिक्षण का संचालन मुख्य अग्निशमन अधिकारी उधमसिंहनगर के निर्देशन में फायर विभाग की प्रशिक्षित टीम द्वारा किया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को आग लगने के कारण, आग के विभिन्न प्रकार तथा प्रारंभिक स्तर पर आग पर नियंत्रण के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही Water, CO₂, Foam और DCP अग्निशामक यंत्रों का लाइव प्रदर्शन किया गया। PASS तकनीक (Pull–Aim–Squeeze–Sweep) को समझाते हुए प्रतिभागियों से अभ्यास भी कराया गया।
इसके अलावा सुरक्षित निकासी, आपातकालीन मार्गों का उपयोग, भीड़ प्रबंधन, प्राथमिक उपचार एवं समन्वय के साथ स्थिति को नियंत्रित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विशेष जोर दिया गया। प्रशिक्षण के समापन पर सभी 74 कार्मिकों को फायर सेफ्टी प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने निर्देश दिए कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम नियमित, व्यवहारिक और परिणामोन्मुख रूप से आयोजित किए जाएं, ताकि जनपद में औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।




