रूद्रपुर। शहर को जाम की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से सोमवार को महापौर विकास शर्मा ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ डीडी चौक से इंदिरा चौक तक चल रहे हाईवे चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण में एडीएम पंकज उपाध्याय, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडे, सीओ प्रशांत कुमार, लोक निर्माण विभाग, पुलिस व यातायात पुलिस के अधिकारी शामिल रहे। अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान इंदिरा चौक पर बंद लेफ्ट कटों की स्थिति का जायजा लिया गया। लेफ्ट कट खोलने में बाधा बन रहे अतिक्रमणों को लेकर संबंधित दुकानदारों को चेतावनी दी गई। नगर निगम की टीम को अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी करने और तय समय में निर्माण न हटाने पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सड़क पर गंदगी फैलाने वाले दुकानदारों पर भी सख्ती दिखाई गई और नियमों के उल्लंघन पर चालान की चेतावनी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि खेड़ा मुख्य मार्ग और काशीपुर बाईपास रोड से भी अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से की जाएगी। काशीपुर बाईपास रोड पर इंदिरा कॉलोनी मोड़ का कट फिलहाल बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
हाईवे चौड़ीकरण कार्य में पहले बिजली पोल हटाने और वन विभाग की अनुमति में देरी के कारण बाधा आ रही थी, लेकिन अब आवश्यक अनुमतियां मिलने के बाद कार्य तेज कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि इन कदमों से शहर में यातायात व्यवस्था में सुधार और जाम की समस्या में कमी आने की उम्मीद है।




