सोशल मीडिया पर गौवंश हत्या का वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप, प्रीत बिहार कॉलोनी से युवक पकड़ा गया, गौरक्षा दल का हंगामा, कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी

Share the news

रुद्रपुर।

रविवार की शाम सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद शहर में तनाव की स्थिति बन गई। वायरल वीडियो में एक युवक पर गौवंशीय पशुओं की हत्या करने, उसके मांस के सेवन का आरोप लगाया जा रहा है। साथ ही वीडियो में युवक द्वारा कथित तौर पर अशोभनीय और भड़काऊ टिप्पणी किए जाने का भी आरोप है।

 

सोमवार सुबह वीडियो की जानकारी मिलते ही गौ रक्षा दल सहित हिंदुवादी संगठनों से जुड़े कार्यकर्ता सक्रिय हो गए। घंटों की तलाश के बाद संगठनों ने दावा किया कि वीडियो वायरल करने वाला युवक प्रीत बिहार कॉलोनी का निवासी है। इसके बाद दोपहर करीब तीन बजे गौ रक्षा दल और अन्य संगठनों से जुड़े कार्यकर्ता प्रीत बिहार कॉलोनी पहुंचे और वहां जमकर हंगामा किया।

 

आरोप है कि कार्यकर्ताओं ने युवक को पकड़ लिया और उसे घसीटते हुए भीड़ रंपुरा चौकी तक ले गए। चौकी परिसर में भी काफी देर तक नारेबाजी और हंगामा चलता रहा। बाद में आरोपी बताए जा रहे युवक को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

 

गौ रक्षा दल के अध्यक्ष विराट आर्या ने आरोप लगाया कि उक्त युवक पूर्व में भी सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट कर सांप्रदायिक तनाव फैलाने का प्रयास कर चुका है। उन्होंने कहा कि संगठन की ओर से पहले कई बार युवक को आगाह किया गया, लेकिन गौवंशीय पशुओं के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद लोगों का आक्रोश भड़क उठा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने सख्त कार्रवाई नहीं की तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *