धमकी देकर निकाह, चार माह तक शोषण का आरोप, महिला ने बाजपुर कोतवाली में युवक के खिलाफ तहरीर देकर न्याय की लगाई गुहार

Share the news

बाजपुर | संवाददाता

कोतवाली बाजपुर में एक महिला ने ग्राम धनसारा निवासी युवक पर धोखाधड़ी, धमकी और शोषण के गंभीर आरोप लगाते हुए तहरीर सौंपी है। पीड़िता के अनुसार आरोपी युवक ने उसकी निजी फोटो व वीडियो का गलत इस्तेमाल करने की धमकी देकर उसे लंबे समय तक ब्लैकमेल किया और सामाजिक बदनामी का डर दिखाकर उस पर दबाव बनाया। इसी दबाव के चलते उसे आरोपी से निकाह करने के लिए मजबूर होना पड़ा।

 

पीड़िता का आरोप है कि निकाह के बाद आरोपी उसे काशीपुर ले गया, जहां किराये के मकान में करीब चार माह तक अपने साथ रखा। इस दौरान आरोपी ने उसकी इच्छा के विरुद्ध उसका लगातार शोषण किया। महिला का कहना है कि अब आरोपी ने अचानक उसे अपनाने से इनकार कर दिया है और बिना किसी ठोस कारण के उसे छोड़ दिया है।

 

पीड़िता के अनुसार इस पूरी घटना से उसे मानसिक, सामाजिक और भावनात्मक रूप से गंभीर प्रताड़ना झेलनी पड़ी है। वर्तमान में आरोपी उससे किसी भी प्रकार का संबंध नहीं रख रहा है, जिससे उसकी स्थिति और अधिक दयनीय हो गई है।

 

महिला ने कोतवाली पुलिस से आरोपी के खिलाफ उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने और न्याय दिलाने की मांग की है। वहीं, कोतवाली पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *