रुद्रपुर क्षेत्र में एक बुजुर्ग किसान पर कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने आरोपी युवक पर गंभीर चोट पहुंचाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में रास्ते को लेकर विवाद के बीच एक बुजुर्ग किसान पर जानलेवा हमला किए जाने का आरोप लगाया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, घटना 15 नवंबर की शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है। आरोप है कि किसान अपने पशुओं को चुगाकर घर लौट रहे थे, तभी गांव का ही एक युवक तेज रफ्तार बाइक पर साइलेंसर से धमाके करता हुआ वहां पहुंचा और रास्ता खाली न होने पर नाराज हो गया।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि युवक ने पहले गाली-गलौज की और धमकी देते हुए पशुओं को हटाने को कहा। जब किसान ने जानवरों को साइड किया तो सामने से ट्रैक्टर-ट्रॉली आने के कारण रास्ता फिर जाम हो गया। आरोप है कि इससे गुस्साए युवक ने बाइक रोककर किसान पर मोटे डंडे से हमला कर दिया। हमले में किसान का एक पैर टूट गया तथा शरीर के अन्य हिस्सों पर भी गंभीर चोटें आईं। परिजन के अनुसार, किसान बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घायल किसान की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें उपचार के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।



