20 बच्चों की जान से खिलवाड़” क्षमता से दोगुने बच्चों को ठूंसकर ले जा रहा था, स्कूल वाहन, पुलिस ने की कड़ी कार्रवाई

Share the news

क्षमता से दोगुने बच्चों को बिठाकर ले जा रहा था स्कूल वाहन, पुलिस ने की कड़ी कार्रवाई

चमोली। सीमांत जनपद चमोली के थराली विकासखंड से स्कूली बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक स्कूल वाहन में क्षमता से दुगुने बच्चों को बैठे पाया, जिसके बाद वाहन चालक पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई और उसे कड़ी चेतावनी दी गई।

 

पिछले कई दिनों से थराली क्षेत्र में स्कूली बच्चों को ओवरलोड वाहनों में बैठाकर ले जाने की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसपी चमोली सुरजीत सिंह पवार ने पूरे जिले में सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए।

 

इसी क्रम में शुक्रवार को थराली पुलिस ने चेकिंग के दौरान वाहन संख्या UK-11-TA-0117 को रोका। वाहन चालक आनंद सिंह, निवासी थराली, 10 सवारी क्षमता वाले वाहन में 20 स्कूली बच्चों को लेकर जा रहा था। पुलिस ने इसे बच्चों की जान से खुला खिलवाड़ बताते हुए चालक के खिलाफ चालानी कार्रवाई की।

 

थाना अध्यक्ष विनोद चौरसिया ने बताया कि क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाना गंभीर लापरवाही है और ऐसे वाहन चालकों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों को ओवरलोड वाहनों में स्कूल न भेजें और स्कूल प्रबंधन से सुरक्षित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग करें।

 

चमोली पुलिस ने साफ कहा है कि ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार या किसी भी प्रकार की लापरवाही पर तुरंत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *