रुद्रपुर। सोशल मीडिया पर एक चौंकाने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें 12 से 13 साल का एक बच्चा घर के अंदर बैड पर बैठा नजर आ रहा है। इसी दौरान एक व्यक्ति वहां पहुंचता है और बच्चे से कच्ची शराब का पाउच मांगता है। वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि बच्चा अपने बैड के पीछे रखी दराज से शराब का पाउच निकालकर व्यक्ति को दे देता है।
वीडियो के सामने आते ही इंटरनेट मीडिया पर हड़कंप मच गया और मामला चर्चाओं में आ गया। पुलिस ने वीडियो की जांच शुरू कर दी है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि वायरल वीडियो की लोकेशन ट्रेस की जा रही है। यदि यह रुद्रपुर का पाया गया तो बच्चे से कच्ची शराब बिकवाने वाले पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे मामलों की सूचना तुरंत दें ताकि बच्चों को इस तरह के गलत कामों में धकेले जाने से रोका जा सके।



