सड़क हादसा: दो युवकों की मौत, एक गंभीर घायल, तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने दो बाइकों को मारी टक्कर, चालक फरार

Share the news

कुंडा, संवाददाता।

कुंडा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा कृपाल आश्रम के पास उस वक्त हुआ जब तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने दो बाइकों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

 

ग्राम लालपुर बक्सोरा निवासी 20 वर्षीय सुनील पुत्र बिशन सिंह अपने दोस्त सत्यम पुत्र धर्मवीर सिंह (23) के साथ किसी कार्य से ग्राम भरतपुर गया था। दोपहर करीब 2:30 बजे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम तालबपुर, जसपुर निवासी सत्यवीर उर्फ सोनू पुत्र हरपाल सिंह (30) भी अपनी बहन को भरतपुर ससुराल छोड़कर वापस लौट रहा था।

 

कृपाल आश्रम के पास पीछे से आई तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने दोनों बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे स्वजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान सुनील और सत्यवीर की मौत हो गई। वहीं सत्यम के पैर में फ्रैक्चर होने के कारण उसका इलाज जारी है।

 

घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शनिवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।

एसआई नवीन जोशी ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कर दिया गया है। अभी तक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *