चौड़ीकरण की जद में आई व्यापारी की दुकान, 62 वर्षीय दुकानदार ने मांगी इच्छा मृत्यु 

Share the news

रुद्रपुर, संवाददाता।

नगर निगम रुद्रपुर के चौड़ीकरण अभियान के बीच अब गुरुनानक इंटर कॉलेज के सामने स्थित विकास पुस्तक भंडार (दुकान नं० 05) भी प्रशासनिक कार्रवाई की जद में आ गई है। दुकान संचालक सुरेन्द्र पुत्र स्वर्गीय मुलखराज फुटेला, निवासी आदर्श कॉलोनी रुद्रपुर ने महापौर और स्थानीय विधायक से गुहार लगाई है कि दुकान तोड़ने से पहले उन्हें वैकल्पिक दुकान या मुआवजा दिया जाए।

 

सुरेन्द्र ने बताया कि वर्ष 1990 में उन्होंने नगर पालिका से पगड़ी प्रणाली के तहत यह दुकान किराये पर ली थी, जिसका नक्शा तत्कालीन नैनीताल जिला कार्यालय से स्वीकृत हुआ था। यहां वे वर्षों से विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकें और नौकरी आवेदन फॉर्म उपलब्ध कराते रहे हैं। उनके सहयोग से सैकड़ों विद्यार्थी सरकारी सेवाओं में चयनित हो चुके हैं।

 

उन्होंने बताया कि वर्ष 2007 में उन्होंने अपनी बचत से रोडवेज के सामने लोहिया मार्केट में एक दुकान खरीदी थी, जिसे प्रशासन ने 17 मार्च 2023 को तोड़ दिया था। तब भी कोई मुआवजा नहीं मिला। अब दूसरी दुकान पर कार्रवाई की तैयारी से वे मानसिक और आर्थिक रूप से टूट चुके हैं।

 

62 वर्षीय सुरेन्द्र ने प्रशासन से निवेदन किया है कि “दुकान तोड़ने से पहले मुझे वैकल्पिक दुकान दी जाए, अन्यथा इच्छा मृत्यु की अनुमति प्रदान की जाए।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *