हरिद्वार को अस्थायी राजधानी बनाने की मांग पर अड़े उत्तराखंड के ये निर्दलीय विधायक, बोले— “हम पराया किए जा रहे हैं”

Share the news

खानपुर विधायक उमेश कुमार ने हरिद्वार को उत्तराखंड की अस्थायी राजधानी घोषित करने की जोरदार मांग उठाई है। लक्सर शुगर मिल के पेराई सत्र शुभारंभ कार्यक्रम में पहुंचे विधायक उमेश कुमार ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “हरिद्वार को पराया करने की कोशिश की जा रही है, जबकि यहां इतनी जमीन है कि 50 एयरपोर्ट, 50 मेडिकल कॉलेज और 50 सचिवालय भी बनाए जा सकते हैं।”

 

उमेश कुमार ने कहा कि सरकार को गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने पर गंभीरता से विचार करना चाहिए, लेकिन तब तक हरिद्वार को अस्थायी राजधानी घोषित किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि गैरसैंण का मुद्दा पहाड़ के लोगों का है, पर हमें मैदान की अनदेखी नहीं करनी चाहिए।

 

विधायक ने कहा कि उन्होंने सदन में भी गैरसैंण के लिए आंदोलन की बात की थी, मगर अब हरिद्वार को दरकिनार किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा, “हम पराया किए जा रहे हैं, इसलिए हमें हरिद्वार में अस्थायी राजधानी चाहिए।”

 

गौरतलब है कि उत्तराखंड की रजत जयंती पर आयोजित विशेष सत्र में गैरसैंण को स्थायी राजधानी और मैदान-पहाड़ के मुद्दों को लेकर विधायकों के बीच तीखी बहस हुई थी। इसी दौरान विधायक उमेश कुमार और भाजपा विधायक विनोद चमोली के बीच गैरसैंण को लेकर तकरार भी देखने को मिली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *