खटीमा। रविवार तड़के मंडी समिति के पीछे रेलवे पटरी किनारे झाड़ियों में एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव प्लास्टिक के बंद बोरे में भरा हुआ था और पूरी तरह सड़ी-गली अवस्था में था। मृतका की शिनाख्त अब तक नहीं हो सकी है।
सूचना के अनुसार, शिव कॉलोनी नौगवांठग्गू निवासी रवि देव ने सुबह पुलिस के 112 नंबर पर कॉल कर बताया कि मंडी के पीछे रेलवे पटरी की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते के पास झाड़ियों से तेज दुर्गंध आ रही है। इस पर एसएसआई ललित मोहन रावल, एसआई पंकज महर और एसआई विजय बोहरा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान झाड़ियों में प्लास्टिक के बोरे में बंद एक महिला का शव बरामद हुआ।
महिला उपनिरीक्षक रुबी मौर्य ने मौके पर जांच की तो शव के दाहिने हाथ की उंगलियों पर “आनंद” और कोहनी पर “आनंद लव्स” अंग्रेजी में लिखा पाया गया। शव के पास एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस क्षेत्राधिकारी बी.एस. धौनी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं, रुद्रपुर से फॉरेंसिक फील्ड यूनिट की टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में महिला की पहचान के लिए सर्च अभियान चलाया है। वहीं, एसओजी टीम शव के पास मिले मोबाइल की कॉल डिटेल खंगालने में जुटी है, ताकि मृतका की पहचान और घटना के रहस्य से पर्दा उठाया जा सके।
फिलहाल शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखा गया है और पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है।




