नानकमत्ता से लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, मंगेतर और उसकी बहन गंभीर रूप से घायल

उधम सिंह नगर। नानकमत्ता से मेला देखकर लौट रहे तीन युवाओं का सफर एक दर्दनाक हादसे में बदल गया। सोमवार देर रात बानूसी के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार युवक विवेक सिंह राणा (23 वर्ष) की मौत हो गई, जबकि उसकी मंगेतर और उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गईं।

 

मिली जानकारी के अनुसार, कुटरा निवासी विवेक सिंह राणा पुत्र मुकेश राणा अपनी मंगेतर और उसकी बहन के साथ नानकमत्ता मेले से स्कूटी पर घर लौट रहा था। जैसे ही उनकी स्कूटी बानूसी के पास पहुंची, तभी एक अज्ञात वाहन ने तेज रफ्तार में आकर उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

घटना के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उप जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने विवेक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दोनों युवतियों को प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रेफर कर दिया गया।

 

कोतवाल मनोहर सिंह दसौनी ने बताया कि विवेक की शादी की बात तय हो चुकी थी और जल्द ही उसकी शादी होने वाली थी। लेकिन हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।

 

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। विवेक अपने परिवार का इकलौता पुत्र था, उसकी एक बहन है। पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।