हरिद्वार जिले की पिरान कलियर थाना पुलिस ने तीन माह के बच्चे की चोरी का 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने बच्चे को सकुशल माता-पिता के सुपुर्द करते हुए आरोपी गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिसमें एक दिव्यांग और चार महिलाएं शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, 10 अक्टूबर की रात, अमरोहा के जहीर अंसारी अपनी पत्नी और बच्चे के साथ पिरान कलियर दरगाह शरीफ में रुके थे। इसी दौरान दो अज्ञात महिलाओं ने बच्चे को चोरी कर लिया। मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को दी गई, जिसके बाद एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देशन में कलियर और आसपास के थानों की संयुक्त टीमें और टेक्निकल सपोर्ट के लिए सीआईयू रुड़की जुटी।
पुलिस ने मेरठ तक पहुंचकर आरोपी आस मोहम्मद लंगड़ा और उसकी पत्नी शहनाज, सलमा, अंचन, नेहा शर्मा तथा बच्चे के अंतिम खरीदार विशाल गुप्ता को गिरफ्तार किया। पूछताछ में बच्चे की चोरी और बिक्री की पूरी साजिश का खुलासा हुआ। विशाल गुप्ता अपनी निःसंतानता के कारण बच्चे को अपनाना चाहते थे।
पुलिस ने बताया कि बच्चे को कुल 4 लाख 90 हजार रुपये में बेचने की योजना बनाई गई थी, जिसे रोकते हुए बच्चा सुरक्षित माता-पिता के पास लौटाया गया। एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने कहा कि यह मामला अत्यंत संवेदनशील था और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में मात्र 55 घंटे में सुलझा लिया गया।सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है।


