रुद्रपुर। लंबे समय से जर्जर पड़े महतोष-मानूनगर-पछियापुर गुरुद्वारा मार्ग का आखिरकार शनिवार को निर्माण कार्य शुरू हो गया। विधायक शिव अरोरा ने फीता काटकर कार्य का शुभारंभ किया। यह सड़क करीब 3.9 किलोमीटर लंबी है, जिसके निर्माण पर 10.72 करोड़ रुपये की लागत केंद्रीय सीआईएफ फंड से स्वीकृत हुई है।
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट ने बिहार चुनाव में प्रवास के कारण दूरभाष के माध्यम से जनता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यह मार्ग क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग थी, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। भट्ट ने कहा कि यह सड़क श्रद्धालुओं और ग्रामीणों दोनों के लिए बड़ी सुविधा साबित होगी।
वहीं विधायक शिव अरोरा ने कहा कि नवाबगंज-महतोष से उत्तर प्रदेश सीमा तक जाने वाला यह मार्ग क्षेत्र की “लाइफ लाइन” रोड कहलाता है। वर्षों से खराब हालत के कारण यहां दुर्घटनाएं आम थीं। उन्होंने बताया कि अपने साढ़े तीन साल के कार्यकाल में उन्होंने इस सड़क को सीआईएफ फंड से स्वीकृत कराकर जनता को यह सौगात दी है।
शुभारंभ कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों ने फूल-मालाओं से विधायक का स्वागत किया और मिठाई खिलाकर आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रदेश मंत्री गुंजन सुखीजा, प्रीत ग्रोवर, राजेश बजाज, गुरनाम कालरा, अशोक बजाज समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।



