रुद्रपुर। नगर निगम ने वार्ड संख्या 10 के ट्रांजिट कैम्प क्षेत्र में ठाकुरनगर, गोल मड़ैया और मुकेश ज्वेलर्स के सामने 400 मीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य शुरू किया। इसका शिलान्यास सांसद अजय भट्ट, महापौर विकास शर्मा और विधायक शिव अरोरा ने सैकड़ों स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी में संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में नागरिकों ने तीनों जनप्रतिनिधियों का गर्मजोशी से स्वागत किया और सड़क निर्माण के लिए आभार जताया।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि यह सड़क क्षेत्र के लिए बहुप्रतीक्षित मांग थी, जिसे अब 1.30 करोड़ की लागत से पूरा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ट्रिपल इंजन की सरकार—केंद्र, राज्य और नगर निगम—मिलकर विकास की रफ्तार तेज कर रही है। महापौर ने यह भी कहा कि ट्रांजिट कैम्प में स्ट्रीट लाइट कार्य पूर्ण हो चुका है, 1.59 करोड़ की लागत से रजत जयंती पार्क जनता को समर्पित किया जाएगा और ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ जल्द शुरू होगा। इसी महीने नगर निगम का जोनल कार्यालय भी क्षेत्र में खुल जाएगा।
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हर क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने रुद्रपुर में हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए भरोसा दिलाया कि शहर सामाजिक, औद्योगिक और आधारभूत संरचना के लिहाज से उत्तराखंड के अग्रणी शहरों में शामिल होगा।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में योजनाबद्ध विकास कार्य जनता के विश्वास और समर्थन का परिणाम हैं। उन्होंने स्थानीय निवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सड़क, जल निकासी, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसे क्षेत्रों में विकास कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएंगे।
कार्यक्रम में नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल, दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता, भाजपा के वरिष्ठ नेता और स्थानीय पार्षद सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे।




