दूधिया नगर क्षेत्र से रविवार रात एक हृदय विदारक घटना सामने आई, जहां 32 वर्षीय युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी के अनुसार मृतक सर्वेश कुमार शर्मा, निवासी दूधिया नगर, पेशे से बेरोजगार था और नशे का आदी बताया जा रहा है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक रविवार को सर्वेश की रात मां के साथ घर में ही बीती। पिता देवी राम शर्मा, जो एक एजेंसी में सुरक्षा गार्ड हैं, ड्यूटी पर गए हुए थे। रात को मां-बेटे ने साथ में भोजन किया और सोने चले गए। देर रात सर्वेश ने अपने कमरे की टीन शेड की छत पर फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। सोमवार सुबह जब मां ने बेटे को देखा तो वह फंदे पर झूल रहा था। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के अनुसार सर्वेश का विवाह हो चुका था, लेकिन पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। उसकी नशे की लत ने भी परिवार को काफी परेशान कर रखा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।



