रुद्रपुर। आदर्श कॉलोनी घासमंडी निवासी गोविंद भट्ट का छह वर्षीय बेटा, जो 31वीं पीएसी परिसर स्थित सरकारी विद्यालय में कक्षा तीन का छात्र है, शिक्षक की बेरहमी का शिकार बन गया। जानकारी के अनुसार रोज की तरह छात्र विद्यालय गया था, जहां दोपहर में शिक्षक ने उससे ब्लैकबोर्ड पर एक से 22 तक गिनती लिखने को कहा। गिनती में गलती होने पर शिक्षक आपा खो बैठा और सट्टी से मासूम छात्र की पिटाई कर दी।
घर लौटने पर जब छात्र ने अपने पिता गोविंद भट्ट को घटना बताई तो उसके शरीर पर चोटों के कई निशान देखे गए। मामला गंभीर जानकर मोहल्लेवासी पार्षद जितेश शर्मा के साथ आदर्श कॉलोनी चौकी पहुंचे और हंगामा खड़ा कर दिया। सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
पुलिस ने छात्र का मेडिकल परीक्षण भी कराया है और परिजनों की तहरीर के आधार पर जांच प्रारंभ कर दी है। घटना से क्षेत्रवासियों में आक्रोश है और लोग बच्चों पर हो रही इस तरह की अमानवीय घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। हालांकि दोनों पक्षों की और से सुलह हो गई है।


