रुड़की। हरिद्वार जिले के पिरान कलियर थाना क्षेत्र में होटल कारोबारी नसीर के बेटे अनवर की किडनैपिंग और हत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने वारदात में शामिल दो आरोपियों अमजद और फरमान उर्फ लालू को गिरफ्तार किया है। दोनों ने कबूल किया है कि उन्होंने टीवी पर क्राइम सीरियल देखकर अपराध की योजना बनाई थी।
पुलिस के मुताबिक, 20 वर्षीय अनवर 6 सितंबर को होटल जाने के लिए घर से निकला था लेकिन लापता हो गया। उसी रात उसके जीजा को अनवर के फोन से कॉल कर 25 लाख की फिरौती मांगी गई। जांच में सामने आया कि होटल में टेलर का काम करने वाला किराएदार अमजद और उसके दोस्त फरमान ने ही अनवर का गला दबाकर हत्या कर दी और शव को गंगनहर में फेंक दिया।
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि आरोपी हत्या के बाद भी अनवर के फोन से फिरौती मांगते रहे ताकि परिजनों को लगे कि बेटा जिंदा है। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि गंगनहर में शव की तलाश जारी है।



