रुद्रपुर। ट्रांजिट कैम्प थाना क्षेत्र के दुर्गा कालौनी में किराये पर रह रहे युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।
मंगलवार को ट्रांजिट कैम्प क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब दुर्गा कालौनी, चौहान मार्ट वाली गली तीनपानी डाँम स्थित एक मकान में किरायेदार युवक ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। जानकारी के अनुसार मकान मालिक शैलेन्द्र यादव ने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो किरायेदार हेमन्त कुमार उर्फ हेमन्त मोर्या (पुत्र हरिनन्दन, निवासी ग्राम कनकपुर खजूरिया, जिला रामपुर, उत्तर प्रदेश) छत पर लगे पंखे के कुंडे से गमछे के सहारे लटका मिला। उन्होंने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी।
सूचना पर प्रभारी निरीक्षक ट्रांजिट कैम्प मय पुलिस टीम मौके पर पहुँचे और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़कर युवक को बाहर निकाला। युवक को तत्काल जिला अस्पताल रुद्रपुर ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
फील्ड यूनिट टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, लेकिन मृतक के कमरे से कोई सुसाइड नोट या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। पुलिस का कहना है कि मृतक ने अज्ञात कारणों के चलते आत्महत्या की है




