अल्मोड़ा। कोतवाली क्षेत्र से लगे एक गांव निवासी एक महिला ने तहरीर दी है। आरोप लगाया है कि भांजी ने उसकी अश्लील वीडियो बना ली। उसके ही बहनोई के साथ मिलकर उसे ब्लैकमेल कर रही है। पुलिस ने महिला की भांजी और बहनोई के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक महिला का कहना है कि तीन साल पहले वह अपनी भांजी के साथ गुरुग्राम में काम करती थी। भांजी ने उसकी नहाते समय वीडियो बना ली। अब उसका बहनोई भांजी को अपने साथ ले गया है। दोनों ने मिलकर उसकी वीडियो वायरल कर दी। फोन कर समझाने पर दोनों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। वीडियो वायरल होने से उसकी छवि खराब हो रही है। महिला ने भांजी और बहनोई के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। कोतवाल योगेश चंद्र उपाध्याय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी है।