— सुरक्षा, स्वास्थ्य, यातायात से लेकर हर व्यवस्था को लेकर जारी किए निर्देश
रुद्रपुर,
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 19 जुलाई को प्रस्तावित रुद्रपुर दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बुधवार को अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम से जुड़ी तैयारियों की गहन समीक्षा की और जरूरी निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि यह कार्यक्रम न केवल प्रशासनिक बल्कि राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण है, ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने साफ किया कि सुरक्षा व्यवस्था से लेकर पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता, बिजली, स्वास्थ्य सेवाओं, यातायात संचालन और आपातकालीन व्यवस्थाओं तक हर पहलू पर गंभीरता से काम हो।
जनसभा स्थल पर रहेंगी पूरी सुविधाएं
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसभा स्थल पर शुद्ध पेयजल, साफ-सफाई, बिजली आपूर्ति और बैकअप जनरेटर की व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए। स्वास्थ्य विभाग को मौके पर डॉक्टरों और मेडिकल टीम के साथ एम्बुलेंस की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।
वीआईपी मूवमेंट को लेकर सतर्कता
गृह मंत्री के मूवमेंट को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। सभी लायजनिंग अधिकारियों को कहा गया है कि वे अतिथियों के साथ समन्वय बनाते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
कार्यक्रम स्थल का होगा फिजिकल निरीक्षण
जिलाधिकारी ने कहा कि वे स्वयं मौके पर जाकर सभी व्यवस्थाओं का फिजिकल निरीक्षण करेंगे ताकि किसी प्रकार की कमी या गड़बड़ी न रह जाए। कार्यक्रम को सफल और व्यवस्थित बनाने के लिए हर विभाग को आपसी तालमेल के साथ काम करने को कहा गया।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
इस अहम बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, प्राधिकरण उपाध्यक्ष जय किशन, पंत विवि के बीएस चालल, यूआईआरडी निदेशक एससी द्विवेदी, एमडी मंडी परिषद हेमंत वर्मा, गन्ना एवं चीनी आयुक्त टीएस मर्तोलिया, संयुक्त मजिस्ट्रेट आशिमा गोयल, नगर आयुक्त नरेश चंद्र दुर्गापाल, सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल, एएसपी आरडी मठपाल, एसडीएम मनीष बिष्ट, गौरव पांडे, विद्युत विभाग के एसई एससी त्रिपाठी, एआरटीओ विमल पांडे, डीआईसी जीएम विपिन कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी व्योमा जैन सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।
तीन दिन शेष, तैयारियां तेज़
कार्यक्रम में अब महज तीन दिन शेष हैं, ऐसे में प्रशासन पूरी सतर्कता और गति के साथ तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है। हर विभाग को उसके काम की जिम्मेदारी सौंपी जा चुकी है और जिलाधिकारी स्वयं व्यवस्थाओं पर निगरानी बनाए हुए हैं।



