दो बेटियां होने पर पत्नी से मारपीट, इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग.

खटीमा: दो पुत्रियां होने पर पत्नी के साथ मारपीट करने वाले पुलिस इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर मंगलवार को पूर्व सैनिकों ने खटीमा तहसील प्रशासन के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा।

पूर्व सैनिक की बेटी से हुआ विवाह, अब कर रहा उत्पीड़न

पीड़िता के पिता, बिरिया निवासी पूर्व सैनिक हर्ष बहादुर चंद, ने बताया कि उनकी बेटी एक सैनिक अनुशासित परिवार से है। वह पढ़ाई के लिए देहरादून गई थी, जहां उत्तराखंड पुलिस में तैनात एक उप निरीक्षक ने उसे बहला-फुसलाकर विवाह कर लिया।

शुरुआत में सबकुछ सही चलता रहा, लेकिन दो बेटियों के जन्म के बाद दामाद का व्यवहार बदल गया। उन्होंने आरोप लगाया कि दामाद पत्नी का शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न करने लगा। बावजूद इसके, उनकी बेटी ने गृहस्थी बचाने के लिए हर अत्याचार सहा।

गुंडे बुलवाकर बेटी को घर से निकाला, दी जान से मारने की धमकी

जब परिवार वालों ने दामाद को समझाने की कोशिश की, तो उसने गुंडे बुलाकर बेटी को घर से निकालने की कोशिश की। इतना ही नहीं, रिवॉल्वर निकालकर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पूर्व सैनिकों ने इस मामले में आरोपी इंस्पेक्टर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पूर्व सैनिक संगठन ने सौंपा ज्ञापन

इस दौरान पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष गंभीर धामी सहित कुंवर सिंह खनका, कैलाश चंद, भीमचंद, रमेश चंद, प्रताप सिंह, रमेश जोशी, कुंदनराम, खड़क सिंह, अर्जुन सिंह आदि मौजूद रहे।