*”केदारनाथ यात्रा मार्ग पर एक और हादसा, मलबा में दबने से एक यात्री की मौत; तीन घायल।*

केदारनाथ यात्रा रूट पर बड़ा हादसा हुआ है. जहां सोनप्रयाग और गौरीकुंड के बीच भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में ऊपरे बोल्डर व मलबा गिर गया. जिसकी चपेट में कुछ तीर्थ यात्री आ गए. बताया जा रहा है कि घटना में एक तीर्थ यात्री की मौके पर ही मौत हो गई है. जबकि, तीन घायलों का रेस्क्यू किया गया है.

उप निरीक्षक आशीष डिमरी ने बताया कि सोनप्रयाग-गौरीकुंड के बीच लगातार भूस्खलन हो रहा है. ऐसे में तीर्थ यात्रियों के आवागमन के समय दिक्कतें हो रही हैं. सोमवार यानी 9 सितंबर की देर शाम को केदारनाथ हाईवे पर पहाड़ी से मलबा आ गया. जिसके कारण कुछ तीर्थयात्री मलबे में दब गए. इसके बाद आनन-फानन में इसकी सूचना पुलिस को दी गई.

सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई. जिसके बाद एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. जहां मलबे से तीन घायलों को सुरक्षित निकाल लिया. इसके साथ ही एक शव भी बरामद किया गया. सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पताल भेजा गया है.

उन्होंने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान लगातार पत्थर गिरने की वजह से चुनौतीपूर्ण हालात बने हुए हैं, लेकिन एसडीआरएफ की टीम पूरी मुस्तैदी से अपना कार्य कर रही है. मौके पर स्थानीय पुलिस और एनडीआरएफ की टीम भी मौजूद हैं. सभी मिलकर रेस्क्यू काम को जारी रखे हुए हैं.

हालांकि, अभी तक मृतकों और घायलों की जानकारी नहीं मिल पाई है. बताया जा रहा है कि एक अभी भी दबा हुआ है. जिसे निकालने के लिए जेसीबी मशीन मंगवाई गई है.