बेसहारा पशु से टकराकर गिरे युवक को अज्ञात वाहन ने रौंदा, मौत; क्षेत्र में शोक और आक्रोश

Share the news

रुद्रपुर/गदरपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेसहारा पशुओं का खतरा एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। मंगलवार देर रात गदरपुर मार्ग पर एक दर्दनाक हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान परविंदर सिंह उर्फ पिंदर (39) पुत्र रंजीत सिंह, निवासी ग्राम अलखदेवा, प्रेमनगर थाना गदरपुर के रूप में हुई है। युवक रुद्रपुर स्थित एक मोबाइल शोरूम में कार्यरत था और रात में ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहा था।

जानकारी के अनुसार, रात करीब 10:30 बजे करतार हवेली के सामने डिवाइडर पर बैठे एक बेसहारा पशु के अचानक सड़क पर आ जाने से परविंदर की बाइक उससे टकरा गई, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे रौंद दिया और मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने रात में ही शव को मोर्चरी भिजवा दिया और बुधवार सुबह पंचनामा भर पोस्टमार्टम कराया गया। इस दौरान किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ और रुद्रपुर के पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।

हादसे के बाद क्षेत्र में गहरा आक्रोश भी देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए और देर रात तक हाईवे पर जाम जैसी स्थिति बनी रही। सामाजिक कार्यकर्ता सुशील गाबा ने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि जहां कागजात में मामूली देरी पर वाहन सीज कर दिए जाते हैं, वहीं बेसहारा पशुओं से होने वाली मौतों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती।

वहीं समाजसेवी जगदीश तनेजा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही राष्ट्रीय राजमार्गों और लिंक मार्गों से निराश्रित पशुओं की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो संबंधित अधिकारियों का घेराव किया जाएगा। घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और बेसहारा पशुओं के मुद्दे को गंभीर बहस के केंद्र में ला दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *