रुद्रपुर। किच्छा रोड स्थित एक होटल में ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम की अध्यक्षता में रुद्रपुर ब्लॉक के ग्राम प्रधानों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में क्षेत्रीय विकास, पंचायत स्तर पर समन्वय और जनहित के मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान ग्राम आनंदपुर के वरिष्ठ प्रधान वीरेंद्र यादव को सर्वसम्मति से ग्राम प्रधान संगठन का अध्यक्ष चुना गया। दानपुर के प्रधान मंदीप वर्मा ने अध्यक्ष पद हेतु अपनी दावेदारी पेश की थी, लेकिन बाद में सामूहिक हित को ध्यान में रखते हुए नाम वापस ले लिया।
संगठन के अन्य पदाधिकारियों में कविता तिवारी, विनीत सोलंकी और नाजिया खान उपाध्यक्ष, छत्रपाल कश्यप वरिष्ठ उपाध्यक्ष, मनविंदर सिंह महासचिव, जबकि नेहा पुजारा, आशीष यादव, रेखा और दीपा कांडपाल सचिव चुने गए। मो. उस्मान को कोषाध्यक्ष तथा हरीश भट्ट और गौसिया रहमान को संरक्षक नियुक्त किया गया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए ग्राम पंचायतों को लोकतंत्र की जड़ बताते हुए इनके सशक्त नेतृत्व पर जोर दिया। ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम ने भी ग्राम प्रधानों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए पारदर्शिता व समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया।



