*उधमसिंहनगर” पेड़ से लटका मिला महिला का शव प्रकरण” पुलिस ने किया पति को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार; जानें पूरा मामला।*

जसपुर में एक सप्ताह पूर्व महिला का शव पेड़ पर लटका मिला था। मामले में पुलिस ने उसके पति को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा है।

कोतवाल हरेंद्र चौधरी ने बताया कि राजपुर गांव निवासी आशा देवी का शव 25 जुलाई को गन्ने के खेत में पेड़ पर फंदे से लटका मिला था। मृतका की बेटी सोनम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका पिता हरिराज सिंह नशा करके घर में रोजाना लड़ाई-झगड़ा करता था। उसकी मां को पीटता था। पिता ने कई लोगों से पैसे लिए थे। वह उन तीनों बहनों की शादी बड़ी उम्र के व्यक्तियों से करना चाहता था। मां इसका विरोध कर रही थी। कहा कि पिता के आपराधिक किस्म के लोगों से संबंध हैं और वह दो बार जेल जा चुका है।

बताया कि 25 जुलाई की शाम वह मां के साथ खेत में घास काटने गई थीं। बहनें एक खेत में तो मां दूसरी खेत में घास काट रही थी। कुछ देर बाद उन्होंने मां को खेत किनारे एक पेड़ पर फंदे से लटका देखा। जब तक उन्हें उतारा, उनकी मौत हो चुकी थी। उन्होंने पिता पर हत्या का आरोप लगाया था। जांच के बाद पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में हरिराज सिंह पर बीएनएस 108 के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।