रुद्रपुर। आबकारी टीम ने रम्पुरा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक घर के किचन की स्लिप से 35 लीटर कच्ची शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, 6 अक्टूबर को उपनिरीक्षक प्रियांशु जोशी अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि काली मंदिर के पास रहने वाला एक व्यक्ति अपने घर में कच्ची शराब छिपाकर बेचने की तैयारी में है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर पूछताछ की। उसने अपना नाम दिनेश पुत्र अंगन लाल निवासी रम्पुरा बताया।
कड़ी पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने किचन की स्लिप में शराब छिपा रखी है। तलाशी लेने पर एक सफेद प्लास्टिक के कट्टे में रखे 102 पाउच कच्ची शराब बरामद किए गए, जिनकी मात्रा लगभग 35 लीटर बताई जा रही है।
आरोपी के पास शराब का कोई वैध लाइसेंस नहीं मिला। उसने बताया कि यह शराब उसने बंटी सिंह नामक व्यक्ति से मंगवाई थी। पुलिस ने आरोपी को धारा 60(1) आबकारी अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया है। बरामद शराब को सील कर जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।



