फर्जी शस्त्र लाइसेंस रैकेट पर STF का शिकंजा, काशीपुर के कारोबारी समेत दो गिरफ्तार; अवैध हथियार, कारतूस और नकली लाइसेंस बरामद, पूछताछ में कई बड़े नाम आए सामने

Share the news

संवाददाता, रुद्रपुर।

उत्तराखंड में फर्जी शस्त्र लाइसेंसों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए काशीपुर के एक कारोबारी समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध हथियार, आठ जिंदा कारतूस, दो फर्जी शस्त्र लाइसेंस और एक कार की चाबी बरामद हुई है। एसटीएफ का दावा है कि पूछताछ में कई सनसनीखेज जानकारियां मिली हैं और जल्द ही अन्य संदिग्ध लाइसेंस धारकों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

एसटीएफ के अनुसार मुख्यमंत्री के “अपराध मुक्त उत्तराखंड” अभियान और पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के तहत बाहरी राज्यों से उत्तराखंड में स्थानांतरित हुए शस्त्र लाइसेंसों की जांच की जा रही है। इसी क्रम में चार जून को काशीपुर कोतवाली में फर्जी शस्त्र लाइसेंसों के संबंध में मुकदमा दर्ज कराया गया था।

मामले की जांच के दौरान 10 जून की रात एसटीएफ और ऊधम सिंह नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने काशीपुर क्षेत्र में एक स्विफ्ट कार से चार अवैध हथियार और 237 कारतूस बरामद किए थे। जांच में यह हथियार और दस्तावेज काशीपुर निवासी सौरभ अग्रवाल, गौरव अग्रवाल और दीप्ति अग्रवाल से जुड़े पाए गए थे। इसके बाद फरार आरोपियों की तलाश में एसटीएफ की कई टीमें जुटी हुई थीं।

इसी क्रम में बुधवार देर रात एसटीएफ को सूचना मिली कि दो व्यक्ति भारी मात्रा में अवैध हथियारों के साथ रुद्रपुर क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए टीम ने रोडवेज बस स्टेशन के पास से काशीपुर निवासी सौरभ अग्रवाल और उसके चालक अमित पाल को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक 12 बोर पम्प एक्शन गन, एक .30 बोर सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल, एक .32 बोर ऑटोमैटिक पिस्टल, आठ कारतूस और दो फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किए गए।

पूछताछ में यह भी सामने आया कि 10 जून को काशीपुर में बरामद स्विफ्ट कार को चालक अमित पाल ने साक्ष्य छिपाने की नीयत से एक पार्किंग में खड़ा कर दिया था। एसटीएफ ने उसके कब्जे से कार की चाबी भी बरामद कर ली है।

एसएसपी एसटीएफ ने बताया कि राज्यभर में फर्जी शस्त्र लाइसेंसों की जांच लगातार जारी है। अब तक इस संबंध में तीन मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं और सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। जांच के दौरान 12 अवैध हथियार, 315 कारतूस और कई फर्जी लाइसेंस बरामद किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि फर्जी शस्त्र लाइसेंस राष्ट्रीय सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक शांति के लिए गंभीर खतरा हैं। ऐसे मामलों में उत्तराखंड पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कठोर कार्रवाई कर रही है। एसटीएफ ने आम जनता से भी संदिग्ध या फर्जी शस्त्र लाइसेंसों की जानकारी साझा करने की अपील की है।

इनसेट : अब तक की बड़ी बरामदगी

03 मुकदमे दर्ज

07 आरोपी गिरफ्तार

12 अवैध हथियार बरामद

315 कारतूस बरामद

कई फर्जी शस्त्र लाइसेंस जब्त

गिरफ्तार आरोपी

सौरभ अग्रवाल निवासी काशीपुर

अमित पाल निवासी कटोराताल, काशीपुर

इस कार्रवाई में शामिल STF टीम

निरीक्षक विकास चौधरी, अरुण कुमार, एम.पी. सिंह, उपनिरीक्षक विपिन चंद्र जोशी, कृष्ण गोपाल मठपाल समेत सर्विलांस और फील्ड टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *