रुद्रपुर: रविवार रात डंपर से कुचलकर घायल ने तोड़ा दम, जिला अस्पताल से हल्द्वानी रेफर, रेलवे फाटक पहुंचने से पहले हुई मौत

Share the news

रुद्रपुर। रविवार देर रात किच्छा रोड स्थित बगवाड़ा क्षेत्र में तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आए हृदय साहनी (42) ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में उनके दोनों पैर बुरी तरह से कुचल गए थे। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल से हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर किया गया, लेकिन रेलवे फाटक पार करने से पहले ही एंबुलेंस में उनकी मौत हो गई।

 

जानकारी के मुताबिक, हृदय साहनी रविवार रात करीब नौ बजे किराने का सामान लेने के लिए सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें कुचल दिया। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। पुलिस ने घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया।

 

बताया जा रहा है कि हृदय साहनी मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे और बगवाड़ा में अपने रिश्तेदार के साथ रहते थे। वे दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों ने बताया कि करीब 15 साल पहले उनकी पत्नी की मौत हो चुकी थी, जबकि कुछ महीने पहले बेटी ने भी दुनिया छोड़ दी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *