त्रिस्तरीय पंचायत आरक्षण पर आपत्तियों की सुनवाई जारी, अब तक 364 मामलों का निस्तारण..

Share the news

रुद्रपुर। पंचायत चुनावों को लेकर आरक्षण व्यवस्था पर उठी आपत्तियों की जांच प्रक्रिया तेजी से जारी है। जिलेभर से अब तक कुल 855 आपत्तियां दर्ज की गई हैं, जिनमें से 364 मामलों की सुनवाई 16 जून तक पूरी कर ली गई है। वहीं, 491 आपत्तियों पर अब भी सुनवाई जारी है।

जिला पंचायत राज अधिकारी महेश कुमार के अनुसार, सबसे ज्यादा आपत्तियां गदरपुर विकासखंड से सामने आई हैं। यहां 234 प्रधान पद से जुड़ी आपत्तियां प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 99 का निस्तारण किया गया है, जबकि 135 आपत्तियों पर सुनवाई अभी शेष है। इसके अलावा गदरपुर में 40 क्षेत्र पंचायत सदस्य, 17 जिला पंचायत सदस्य और 1 प्रमुख क्षेत्र पंचायत से जुड़ी आपत्तियां भी दर्ज की गई हैं।

रुद्रपुर विकासखंड में 123 ग्राम पंचायत प्रधानों से जुड़ी आपत्तियां मिलीं, जिनमें 55 मामलों का निपटारा हो चुका है और 68 लंबित हैं।

काशीपुर विकासखंड इस प्रक्रिया में सबसे आगे रहा है, जहां दर्ज सभी 28 आपत्तियों का निस्तारण कर दिया गया है।

अन्य विकासखंडों की बात करें तो—

जसपुर में 79 में से 43 आपत्तियों का निपटारा हुआ है, बाजपुर में 97 में से 39 मामलों पर सुनवाई पूरी हुई है।

सितारगंज में 52 में से 25 आपत्तियां निस्तारित की गई हैं, जबकि खटीमा में 64 में से 23 मामलों की सुनवाई पूरी हो चुकी है।

जिला प्रशासन का कहना है कि शेष सभी लंबित आपत्तियों की सुनवाई मंगलवार तक पूरी कर ली जाएगी, जिससे पंचायत चुनाव प्रक्रिया को समय से आगे बढ़ाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *