रुद्रपुर। हल्द्वानी मार्ग पर बुधवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में वन विभाग के एक संविदा कर्मी की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला चिकित्सालय भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार खत्ता टांडा क्षेत्र के ग्राम खस्सीबोझ निवासी 58 वर्षीय मोहन गिरी गोस्वामी वन विभाग की टांडा रेंज में संविदा कर्मी के रूप में तैनात थे। वह पत्थरचट्टा वन कार्यालय में अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद बुधवार रात मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह हल्द्वानी रोड स्थित संजय वन क्षेत्र के समीप पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मोहन गिरी सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल वनकर्मी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। अचानक हुई मौत से परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अस्पताल परिसर में देर रात तक शोक और गम का माहौल बना रहा।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार वाहन और चालक की तलाश में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार माना जा रहा है।




