देहरादून। उत्तराखंड में आयोजित केंद्रीय प्रतियोगी परीक्षा में हाईटेक नकल गिरोह का बड़ा खुलासा हुआ है। उत्तराखंड एसटीएफ ने 13 फरवरी को हुई परीक्षा के दौरान कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले का खुलासा एसटीएफ आईजी नीलेश भरणे ने किया।
दरअसल, कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित मल्टी टॉस्किंग (Non-Technical) स्टाफ एवं हवलदार (CBIC/CBN) भर्ती परीक्षा-2025 प्रदेश सहित देशभर के विभिन्न केंद्रों पर संपन्न हो रही थी। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को पास कराने के नाम पर 10 लाख रुपये की डिमांड करने वाले गिरोह की सूचना एसटीएफ को मिली थी।
इनपुट के आधार पर उत्तराखंड और यूपी एसटीएफ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए देहरादून स्थित महादेव डिजिटल जोन, एमकेपी इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान परीक्षा लैब के पास बने यूपीएस रूम में 24×24 इंच का अंडरग्राउंड चैंबर मिला, जहां से दो लैपटॉप और राउटर बरामद हुए। जांच में सामने आया कि लैपटॉप को रिमोट एक्सेस के जरिए संचालित कर प्रश्नपत्र हल कराए जा रहे थे।
मौके से नीतिश कुमार निवासी नागलोई, दिल्ली और भास्कर नैथानी निवासी देहरादून को गिरफ्तार किया गया। एसटीएफ ने उपकरण सील कर दिए हैं और परीक्षा केंद्र को भी सील कर दिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश में टीमें गठित कर दी गई हैं।


