काशीपुर/कुंडा।
ऊधमसिंहनगर में पंचायत चुनाव से पहले अपराधियों के खिलाफ पुलिस का सख्त रवैया देखने को मिल रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के आदेश पर जिलेभर में अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस कड़ी में कोतवाली काशीपुर और थाना कुंडा पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से तीन तमंचे और कारतूस बरामद किए गए हैं।
काशीपुर में जान से मारने की नीयत से किया गया हमला, दो आरोपी गिरफ्तार
13 जुलाई की रात ग्राम रम्पुरा, काशीपुर निवासी अमर सिंह ने पुलिस में तहरीर दी कि उसके भाई सुरेंद्र सिंह पर दो युवकों ने जानलेवा हमला किया। हमलावरों ने सुरेंद्र पर लाठी-डंडों से वार किया और बाद में एक घर में घुसकर तमंचे से फायरिंग कर दी, जिससे एक युवक दानिश घायल हो गया।
पुलिस ने इस मामले में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की और 15 जुलाई को दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी:
सूरज पुत्र हन्सू
आकाश पुत्र विशेष यादव
(दोनों निवासी लक्ष्मीपुर लच्छी, काशीपुर)
थाना कुंडा क्षेत्र में अवैध हथियार के साथ एक गिरफ्तार
15 जुलाई को कुंडा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध हथियार के साथ सरवरखेड़ा में घूम रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को पवार रिजॉर्ट के पास से दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद हुआ।
गिरफ्तार अभियुक्त:
शकील पुत्र शरीफ, निवासी ग्राम बेलजूड़ी
बरामदगी:
एक 315 बोर का तमंचा
एक जिंदा कारतूस
एसएसपी का सख्त संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने कहा कि पंचायत चुनावों को शांतिपूर्ण व निष्पक्ष माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है और आगे भी जारी रहेगी। जनपद में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।


