खाद के लिए किसानों को भटकाने वाली ई-टोकन व्यवस्था पर कांग्रेस का हल्लाबोल, मुख्य कृषि अधिकारी कार्यालय में धरना, पुरानी व्यवस्था बहाल नहीं हुई तो होगी तालाबंदी

रुद्रपुर। खाद वितरण के लिए लागू ऐप आधारित ई-टोकन और क्यूआर कोड व्यवस्था के विरोध में शनिवार को कांग्रेस पदाधिकारियों और किसानों ने विकास भवन स्थित मुख्य कृषि अधिकारी कार्यालय में धरना-प्रदर्शन किया। उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर खाद वितरण की पुरानी व्यवस्था बहाल करने की मांग उठाई।

कांग्रेस नेता संजय जुनेजा और किसान नेता विक्रमजीत सिंह विर्क ने कहा कि गेहूं की बुवाई का सीजन चल रहा है, लेकिन नई व्यवस्था के तहत अब तक प्रदेश के 20 प्रतिशत किसानों के भी टोकन नहीं बन पाए हैं। इससे किसान खाद के लिए भटक रहे हैं और खाद व्यापारियों का कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि ओलावृष्टि से फसल बर्बाद होने के बावजूद किसानों को मुआवजा नहीं मिला है। ऐसे में खाद की नई व्यवस्था ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

जुनेजा ने आरोप लगाया कि प्रदेश में शराब आसानी से उपलब्ध है, लेकिन किसान को खाद का एक कट्टा लेने के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि जल्द पुरानी व्यवस्था बहाल नहीं हुई तो मुख्य कृषि अधिकारी कार्यालय में तालाबंदी की जाएगी।