शीतलहर से निपटने को प्रशासन अलर्ट, रैन-बसेरों में बिस्तर और अलाव की होगी व्यवस्था

डीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश, बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन के आसपास भी जलेंगे अलाव; कोहरे में हादसे रोकने के लिए वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाना होगा अनिवार्य

रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)। सर्दी और शीतलहर से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बेसहारा और जरूरतमंद लोगों को ठंड से बचाने के लिए जिले के सभी नगर निकायों में रैन-बसेरों को दुरुस्त करने के साथ अलाव जलाने की व्यवस्था की जाएगी। बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भी अलाव जलेंगे। वहीं, कोहरे के कारण सड़क हादसों को रोकने के लिए मालवाहक वाहनों और गन्ना ढोने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर रिफ्लेक्टर लगाना अनिवार्य किया जाएगा।

शनिवार को जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने शीतलहर की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने नगर निकायों को निर्देश दिए कि स्थायी और अस्थायी रैन-बसेरों में बिस्तर, पानी, शौचालय और अलाव की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। प्रत्येक रैन-बसेरे में कर्मचारियों की तैनाती भी सुनिश्चित की जाए। अलाव जलाने के लिए पुराने चिह्नित स्थानों के साथ जरूरत के अनुसार नए स्थान भी तय किए जाएं। अलाव जलने की प्रतिदिन जियो टैग फोटो आपदा प्रबंधन कार्यालय को भेजनी होगी।डीएम ने अस्पतालों में तीमारदारों और जरूरतमंदों के लिए बनाए गए बहुउद्देशीय भवनों व रैन-बसेरों का संयुक्त निरीक्षण करने के निर्देश दिए। कोहरे को देखते हुए पुलिस, परिवहन और सिडकुल के अधिकारियों को वाहनों में रिफ्लेक्टर और फॉग लाइट लगवाने को कहा। बाइक और साइकिल में भी रिफ्लेक्टर लगाने पर जोर दिया।

उन्होंने स्वास्थ्य और पशुपालन विभाग को ठंड से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी करने, जबकि शिक्षा विभाग को मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन कराने के निर्देश दिए। किसानों की आलू, गोभी और टमाटर की फसलों को पाले से बचाने के लिए नियमित सिंचाई और जरूरी दवाओं के इस्तेमाल को कहा। जल संस्थान को पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा पर्यटन विभाग को पर्यटकों के लिए एडवाइजरी जारी करने के निर्देश दिए। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और पुलिस को अलर्ट मोड पर रहने को कहा। बैठक में एडीएम विनोद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।