रुद्रपुर। शादी की तैयारियां पूरी थीं, मेहमान बारात के स्वागत के लिए जुटे थे और दुल्हन दूल्हे के आने का इंतजार कर रही थी, लेकिन तय समय पर बारात नहीं पहुंची। वजह सामने आई तो दोनों परिवारों में खलबली मच गई। रुद्रपुर के प्रीत विहार निवासी युवक का विवाह बरेली निवासी युवती से तय हुआ था। गुरुवार को दोनों की शादी होनी थी, लेकिन इससे एक दिन पहले बुधवार रात दूल्हा अचानक घर से लापता हो गया।
परिजनों ने युवक की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। उसका मोबाइल फोन भी लगातार बंद आता रहा। उधर, बरेली में दुल्हन पक्ष के लोग बारात के स्वागत की तैयारियों में जुटे रहे। निर्धारित समय तक बारात नहीं पहुंची तो परिवार को युवक के लापता होने की जानकारी मिली। इससे शादी समारोह में मौजूद मेहमानों के बीच भी असहज स्थिति बन गई।
गुरुवार को दुल्हन पक्ष के लोग रुद्रपुर पहुंचे और कोतवाली में पुलिस से शिकायत की। उन्होंने एसएसआई खुशवंत सिंह से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। पुलिस ने दूल्हे पक्ष के परिजनों को भी कोतवाली बुलाया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। दुल्हन पक्ष का कहना था कि शादी की तैयारियां पूरी होने के बाद अंतिम समय पर युवक के गायब होने और बारात नहीं पहुंचने से उन्हें सामाजिक रूप से अपमानित होना पड़ा है। उन्होंने मामले की गंभीरता से जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की। फिलहाल युवक के अचानक लापता होने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस दोनों पक्षों से जानकारी जुटाकर मामले की जांच कर रही है।
