ब्लैक स्पॉट पर पहुंचे एसएसपी, हादसों की वजह तलाशने के लिए सड़कों का लिया जायजा, एनएचएआई और परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ किया निरीक्षण, साइनेज, रिफ्लेक्टर और लाइटिंग व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

रुद्रपुर। जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एसएसपी अजय गणपति ने मंगलवार को शहर और आसपास के प्रमुख ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना संभावित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ संवेदनशील मार्गों की स्थिति परखी। साथ ही दुर्घटनाओं के संभावित कारणों की समीक्षा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए।

 

एसएसपी ने एमेनिटी स्कूल चौराहा, मुमताज दरबार के पास, बगवाड़ा मंडी गेट, गाबा चौक, राधास्वामी सत्संग गेट, आदित्य चौक, नगला बाईपास, गोल गेट नगला, संजय वन, लालपुर और तुलसी द्वार क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़कों की बनावट, यातायात का दबाव और दुर्घटनाओं की आशंका वाले बिंदुओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण में एसपी यातायात अनुषा बड़ोला समेत संबंधित क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, यातायात निरीक्षक और एनएचएआई व परिवहन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

 

एसएसपी ने अधिकारियों को दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यकतानुसार सड़क संकेतक, रिफ्लेक्टर, रंबल स्ट्रिप्स और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने के लिए भी संबंधित विभागों से समन्वय बनाकर कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने ओवरस्पीडिंग, नशे में वाहन चलाने और गलत दिशा में वाहन दौड़ाने वालों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

 

एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के ब्लैक स्पॉट का निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक उपाय कराने और इसकी विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। सड़क सुरक्षा व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा भी की जाएगी।