भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत का मामला सामने आने से सनसनी फैल गई। छोला थाना क्षेत्र स्थित घर में बुजुर्ग महिला, उसकी बहू और दो बच्चों के शव मिले, जबकि परिवार के मुखिया का शव घर से करीब 500 मीटर दूर रेलवे स्टेशन के पास बरामद हुआ। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि परिवार के मुखिया ने मां, पत्नी और दोनों बच्चों की हत्या करने के बाद खुदकुशी कर ली।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान नरेंद्र साहू (35), उसकी मां सरस्वती साहू (50), पत्नी सोमलता साहू (29), बेटी कृति साहू (10) और बेटे खुश साहू (6) के रूप में हुई है। घर में मिले चारों शवों के गले पर चोट के निशान पाए गए हैं। नरेंद्र का शव सूखी सेवनिया क्षेत्र के चोपड़ा कलां स्थित रेलवे स्टेशन के पास मिला। पुलिस ने पांचों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में परिवार के मुखिया पर कर्ज का दबाव और मानसिक तनाव होने की बात सामने आई है। डीसीपी आदर्श कांत शुक्ला के मुताबिक, नरेंद्र का छोटा रेस्टोरेंट था, जो कुछ समय पहले बंद हो गया था। वह पिछले 15 से 20 दिनों से काम भी नहीं कर रहा था। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
