दस साल पुरानी रंजिश में चाचा-चाची की लोहे की रॉड से पीटकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार, मुकदमेबाजी को लेकर दोनों परिवारों में चल रही थी तनातनी, नशे की हालत में घर में घुसकर किया हमला

वारदात के बाद नदी पार कर भागा, पुलिस ने कौसानी के पास घेराबंदी कर दबोचा

बागेश्वर। बैजनाथ थाना क्षेत्र के ग्राम नरग्वाड़ी में बुजुर्ग दंपती की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। दस साल पुरानी रंजिश और मुकदमेबाजी के चलते भतीजे ने ही अपने चाचा और चाची की लोहे की रॉड से पीटकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी गोविंद बल्लभ खोलिया (52) को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल लोहे की रॉड भी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 8:30 बजे घटना के दौरान मृतक दंपती के पोते निखिल खोलिया ने डायल 112 पर सूचना दी थी। मौके पर पहुंची बैजनाथ थाना पुलिस ने लहूलुहान हालत में मिले पूरन चंद्र खोलिया (70) और उनकी पत्नी भगवती देवी (62) को सीएचसी बैजनाथ पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

जांच में सामने आया कि आरोपी गोविंद बल्लभ और मृतक दंपती के परिवार के बीच करीब दस साल से हत्या के प्रयास का मुकदमा चल रहा था। इसे लेकर दोनों परिवारों में अक्सर विवाद होता रहता था। रविवार रात आरोपी नशे की हालत में लोहे की रॉड लेकर चाचा-चाची के घर में घुस गया और दोनों के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। आरोपी की पत्नी ने भी बीच-बचाव कर दंपती को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह उन्हें बचा नहीं सकी। पुलिस के मुताबिक आरोपी का पूर्व में भी हत्या के प्रयास का आपराधिक इतिहास रहा है।

 

ग्राम प्रधान को बताई वारदात, फिर नदी पार कर हुआ फरार

हत्या के बाद आरोपी खुद ग्राम प्रधान के पास पहुंचा और घटना की जानकारी दी। हालांकि अचानक मिली सूचना पर प्रधान को उसकी बात पर विश्वास नहीं हुआ। इसके बाद आरोपी अमोली के रास्ते नदी पार कर फरार हो गया। एसपी जितेंद्र मेहरा और सीओ अजय साह के पर्यवेक्षण में बैजनाथ, कौसानी, कपकोट, झिरौली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने तलाश शुरू की। घेराबंदी कर पुलिस ने आरोपी को कौसानी से पहले गिरफ्तार कर लिया।