रुद्रपुर। बिंदुखेड़ा में गोली मारकर हत्या के प्रयास के मामले में वांछित आरोपी को पुलिस की दबिश के बाद होमगार्ड के परिवार पर मुखबिरी का शक हो गया। इसी रंजिश में आरोपी ने अपने परिजनों के साथ मिलकर होमगार्ड के घर पर हमला कर दिया। लाठी-डंडों और धारदार हथियार से किए गए हमले में होमगार्ड का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच-बचाव करने आई उसकी मां और नाबालिग बहन को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा।
रायपुर निवासी महेंद्र सिंह कोतवाली रुद्रपुर में होमगार्ड के पद पर तैनात हैं। पीड़ित पक्ष के मुताबिक, उनके पड़ोस में रहने वाला एक व्यक्ति बिंदुखेड़ा में गोली मारकर हत्या के प्रयास के मामले में वांछित चल रहा है। बीती रात पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए गांव पहुंची थी। पुलिस के लौटने के बाद आरोपी ने होमगार्ड के परिवार पर मुखबिरी का शक जताते हुए अपने परिजनों के साथ उनके घर का दरवाजा खटखटाना शुरू कर दिया। अनहोनी की आशंका के चलते परिवार ने दरवाजा नहीं खोला।
आरोप है कि अगली सुबह महेंद्र सिंह ड्यूटी पर चले गए तो पड़ोसियों ने उनके परिवार को गालियां देनी शुरू कर दीं। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके बेटे गुरमीत सिंह पर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में गुरमीत लहूलुहान हो गया। शोर सुनकर उसकी मां सुखविंदर कौर और नाबालिग बहन बचाने पहुंचीं तो उनके साथ भी मारपीट की गई। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
