खुद को दरोगा बताता, हाथ में थमाता वर्दी और नियुक्ति पत्र… 40 हजार में नौकरी का सपना बेचने वाले का खुला राज, फर्जी आईकार्ड समेत गिरफ्तार

रुद्रपुर। उत्तराखंड में पुलिस की नौकरी दिलाने का झांसा देकर 40 हजार रुपये ठगने वाले आरोपी को पुलभट्टा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को राजस्थान पुलिस का दरोगा बताकर युवाओं को अपने जाल में फंसाता था। पुलिस ने उसके कब्जे से राजस्थान पुलिस का फर्जी आईकार्ड, उत्तराखंड पुलिस का फर्जी एडमिट कार्ड, जॉइनिंग लेटर और पुलिस की एक जोड़ी वर्दी बरामद की है।

 

थानाध्यक्ष उमेश कुमार ने बताया कि 17 अक्तूबर को किशनपुर, नानकमत्ता निवासी आशा देवी ने पुलिस को तहरीर दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि बरेली जिले के देवरनियां थाना क्षेत्र के शरीफ नगर निवासी मोहम्मद जाहिद पुत्र मोहम्मद इस्माइल ने उनकी बेटी तुलसी राणा को पुलिस में भर्ती कराने का झांसा दिया। खुद को राजस्थान पुलिस में दरोगा बताकर आरोपी ने उनसे 40 हजार रुपये ले लिए। इसके बदले उसने उत्तराखंड पुलिस के फर्जी भर्ती और ट्रेनिंग लेटर, आईकार्ड तथा वर्दी दे दी।

 

तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी वर्तमान में सरौली कला में रह रहा था। पुलिस ने 18 अक्तूबर को उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने इसी तरह अन्य युवाओं को भी पुलिस में भर्ती कराने का झांसा देकर ठगी की हो सकती है। मामले में अन्य संभावित पीड़ितों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा सकती है।