रामलीला मंचन के दौरान खर बने कलाकार की गर्दन में लगी तलवार, जीभ में भी आई चोट, अस्पताल में भर्ती अमित जोशी की हालत में सुधार

खटीमा। कंजाबाग मार्ग स्थित श्री सिद्धेश्वर मंदिर में शुक्रवार शाम रामलीला मंचन के दौरान हादसा हो गया। खर की भूमिका निभा रहे कलाकार अमित जोशी की गर्दन में अचानक तलवार लग गई। हादसे में उनकी जीभ में भी चोट आई। घायल कलाकार को पहले उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार है।

 

शुक्रवार शाम रामलीला के एक दृश्य का मंचन चल रहा था। इसी दौरान खर की भूमिका निभा रहे अमित जोशी की गर्दन में तलवार लग गई। शुरुआत में दर्शकों को लगा कि यह मंचन का ही हिस्सा है, लेकिन कलाकार के घायल होने की जानकारी मिलने पर वहां अफरातफरी मच गई। इसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

 

रामलीला कमेटी के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश जोशी और मीडिया प्रभारी गणेश लोहनी ने बताया कि अमित जोशी रामलीला में खर की भूमिका निभा रहे हैं। मंचन के दौरान अचानक तलवार लगने से उनकी गर्दन और जीभ में चोट आई है। उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार है। डॉक्टरों ने उन्हें कुछ दिन आराम करने की सलाह दी है।