काशीपुर। बिजली चोरी के खिलाफ विजिलेंस और यूपीसीएल की संयुक्त टीम ने शनिवार सुबह कई क्षेत्रों में छापेमारी की। बरखेड़ी पांडे, कटईया और लोहिया गांव में चलाए गए अभियान के दौरान 80 से अधिक स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी गई। कहीं कटिया डालकर तो कहीं मीटर बाईपास कर बिजली का इस्तेमाल किया जा रहा था। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा।
शनिवार सुबह संयुक्त टीम ने चिह्नित क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी शुरू की। टीम को देखकर कई जगह बिजली चोरी कर रहे लोगों में खलबली मच गई। कुछ लोगों ने कटिया हटाकर बचने की कोशिश की, लेकिन टीम ने मौके पर वीडियोग्राफी कर साक्ष्य जुटाए और बिजली चोरी का आकलन किया। विभाग की ओर से संबंधित मामलों में जुर्माना लगाने के साथ एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।
यूपीसीएल के कुमाऊं चीफ शेखर त्रिपाठी ने बताया कि बिजली चोरी के खिलाफ मंडल में अभियान चलाया जा रहा है। हल्द्वानी, रामनगर और काशीपुर में अब तक बिजली चोरी के 250 से अधिक मामले दर्ज किए जा चुके हैं। उन्होंने उपभोक्ताओं से वैध बिजली कनेक्शन लेने और नियमों के अनुसार बिजली का इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में एटीएंडसी लॉस और बिजली चोरी के कारण हर साल करीब एक हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा है। इसी को देखते हुए बिजली चोरी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
