गन प्वाइंट पर परिवार को बंधक बनाकर लूटा, छह नकाबपोशों ने बोला धावा, सोने के जेवर और 50 हजार रुपये तक की नकदी ले गए बदमाश, घर के बाहर खड़ी स्कूटी भी ले उड़े

किच्छा। रुद्रपुर रोड पर लालपुर निवासी कंपनी कर्मचारी के घर में घुसे छह नकाबपोश बदमाशों ने हथियारों के बल पर पूरे परिवार को बंधक बना लिया। बदमाशों ने परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए चुप रहने को कहा। इसके बाद घर में रखी अलमारी और बक्सों को खंगालकर सोने के जेवर और हजारों रुपये की नकदी लूट ली। वारदात के बाद बदमाश घर के बाहर खड़ी स्कूटी भी लेकर फरार हो गए। घटना से परिवार में दहशत है।

 

घटना बृहस्पतिवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे की बताई जा रही है। रुद्रपुर रोड स्थित चेतक लॉजिस्टिक कंपनी के पास लालपुर निवासी दिनेश चौहान का घर है। दिनेश कंपनी में कर्मचारी हैं। पीड़ित के मुताबिक, तड़के छह नकाबपोश बदमाश हथियार लेकर घर में घुस आए। बदमाशों ने परिवार के सदस्यों को गन प्वाइंट पर लेकर बंधक बना लिया और मुंह खोलने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

 

परिवार को काबू में करने के बाद बदमाशों ने घर में रखी अलमारी और बक्सों की तलाशी ली। इस दौरान वे सोने के कंगन, करीब तीन तोले सोने के अन्य जेवर और 40 से 50 हजार रुपये की नकदी समेट ले गए। घर से निकलते समय बदमाश बाहर खड़ी स्कूटी भी अपने साथ ले गए।

 

वारदात के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही किच्छा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान कर उनका सुराग लगाया जा सके। तड़के घर में घुसकर परिवार को बंधक बनाने और लूटपाट की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।