बाजपुर। कूटरचित दस्तावेजों के सहारे स्थायी और जाति प्रमाण पत्र तैयार कराने के मामले में बाजपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने राजस्व निरीक्षक की तहरीर पर चार महिलाओं समेत नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मामले में पीलीभीत जिले की बरखेड़ा नगर पंचायत के चेयरमैन श्याम बिहारी को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है। चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार जुलाई माह में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर लोगों से रकम लेकर स्थायी और जाति प्रमाण पत्र तैयार किए जाने की शिकायत सामने आई थी। मामला संज्ञान में आने के बाद एडीएम पंकज उपाध्याय के निर्देशन में बुधवार देर रात तक बाजपुर तहसील में जांच-पड़ताल की गई। जांच के दौरान दस्तावेजों और उनसे जुड़े लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई गई।
सीओ अखलेश कुमार ने बताया कि तहसील के राजस्व निरीक्षक अजमल खान की तहरीर पर नौ लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है। पूछताछ और जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। दस्तावेज तैयार कराने और इस्तेमाल किए जाने से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
