रुद्रपुर। परिवार का पेट पालने के लिए कर्नाटक में मजदूरी करने गई सुंदरपुर निवासी 40 वर्षीय ललिता मंडल की सांप के डसने से मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। मौत का दुख अभी कम भी नहीं हुआ था कि शव को गांव तक लाने का खर्च परिवार के लिए दूसरी बड़ी मुसीबत बन गया। कर्नाटक से ललिता का शव सुंदरपुर स्थित घर तक पहुंचाने में परिजनों को करीब 1.25 लाख रुपये खर्च करने पड़े। आर्थिक रूप से सामान्य परिवार के लिए इतनी बड़ी रकम जुटाना भी आसान नहीं था।
ललिता मंडल पत्नी तारक मंडल परिवार के साथ कर्नाटक में मजदूरी करती थीं। मंगलवार को वह धान रोपाई के बाद कमरे पर लौटी थीं। इसी दौरान जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें सरकारी अस्पताल ले गए, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
ललिता की मौत के बाद परिजन उन्हें अंतिम बार अपने गांव लाना चाहते थे। लंबी दूरी और शव को सुरक्षित रखने की मजबूरी के चलते फ्रिज वाले एंबुलेंस का सहारा लेना पड़ा। परिजनों के अनुसार, शव को कर्नाटक से सुंदरपुर तक लाने में करीब 1.25 लाख रुपये किराया लगा।
एक तरफ घर में कमाने वाले सदस्य की मौत का गम, दूसरी तरफ शव घर लाने के लिए इतनी बड़ी रकम का इंतजाम करना परिवार के सामने भारी चुनौती बन गया। ललिता का शव गांव पहुंचा तो परिजनों की आंखें नम हो गईं। ग्रामीण भी परिवार के दुख में शामिल हुए। क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधि मन्नू चौधरी समेत ग्रामीणों ने परिवार को ढांढस बंधाया।
