विधायक शिव अरोरा ने विभागीय अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक, व्यापारियों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील
रुद्रपुर। काशीपुर बाईपास निर्माण परियोजना को गति देने के लिए 5 अगस्त से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू होगा। इसे लेकर सोमवार देर शाम विधायक शिव अरोरा के कार्यालय में लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान और विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्माण कार्य की प्रगति, विभागीय तैयारियों और अभियान की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि काशीपुर बाईपास बनने से शहर को लंबे समय से लगने वाले जाम से राहत मिलेगी और यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी। उन्होंने बताया कि व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए अधिकांश स्थानों पर सड़क की चौड़ाई इस प्रकार तय की गई है कि अनावश्यक नुकसान न हो। नगर पालिका मार्केट के प्रभावित दुकानदारों का पुनर्वास सुनिश्चित किए बिना उन्हें नहीं हटाया जाएगा।
उन्होंने व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से 5 अगस्त से शुरू होने वाले अतिक्रमण हटाओ अभियान में प्रशासन का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि यह परियोजना जनहित और क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़ी है।
बैठक में अधिशासी अभियंता गजेंद्र सिंह ने बताया कि अतिक्रमण हटते ही बाईपास निर्माण का टेंडर जारी कर कार्य शुरू कर दिया जाएगा। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता बद्रे आलम ने कहा कि पेयजल लाइनों के स्थानांतरण की तैयारी पूरी है और अतिक्रमण हटने के बाद दो माह में विभाग अपना कार्य पूरा कर देगा। वहीं विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता किशोर पंत ने बताया कि अधिकांश स्थानों पर पोल और लाइन शिफ्टिंग का कार्य पूरा हो चुका है तथा शेष कार्य अगस्त के अंत तक पूरा कर नई लाइन से विद्युत आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।
बैठक में सभी विभागों ने आपसी समन्वय से समयबद्ध तरीके से परियोजना पूरी करने का भरोसा दिया।



