31 करोड़ से ज्यादा राजस्व डकारने वाले पांच शराब कारोबारियों पर शिकंजा, आबकारी विभाग ने काटी आरसी; डीएम की मंजूरी मिलते ही संपत्ति कुर्की की कार्रवाई संभव

Share the news

रुद्रपुर। जिले में राजस्व बकाया जमा न करने वाले शराब कारोबारियों पर जिला आबकारी विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। विभाग ने पांच बड़े बकायेदारों के खिलाफ आरसी (रिकवरी सर्टिफिकेट) जारी कर वसूली के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेज दी है। अब डीएम की संस्तुति के बाद बकायेदारों की संपत्ति कुर्क किए जाने की कार्रवाई हो सकती है।

जिला आबकारी कार्यालय से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, कालाढूंगी रोड निवासी नवनीत अग्रवाल पर वर्ष 2021-22 से 2022-23 के दौरान ट्रांजिट कैंप और अलीगंज की शराब दुकान के संबंध में 11.65 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व अधिभार बकाया है। वहीं तिकोनिया निवासी वीरेंद्र बिष्ट पर खटीमा-एक और उकरौली क्षेत्र की दुकान के मामले में 8.32 करोड़ रुपये से अधिक की देनदारी है।

इसके अलावा देहरादून निवासी राजकुमार दुबे पर सितारगंज की दुकान के संबंध में 6.86 करोड़ रुपये, अल्मोड़ा निवासी राधाकृष्ण पर गाबा चौक की दुकान को लेकर 5.37 करोड़ रुपये तथा दिनेशपुर निवासी अमित गोयल पर 4.73 करोड़ रुपये का राजस्व अधिभार बकाया है।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, सभी बकायेदारों को कई बार नोटिस जारी कर बकाया राशि जमा करने का अवसर दिया गया, लेकिन भुगतान नहीं होने पर उनके खिलाफ आरसी काट दी गई। अब वसूली की कार्रवाई राजस्व विभाग के माध्यम से कराई जाएगी। यदि निर्धारित समय में बकाया जमा नहीं किया गया तो संबंधित कारोबारियों की चल-अचल संपत्तियों की कुर्की की कार्रवाई भी अमल में लाई जा सकती है। जिला आबकारी विभाग का कहना है कि सरकारी राजस्व की वसूली हर हाल में सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *